कल्लूराम न्यूज. इन
बिलासपुर….एक ओर जहां बिलासपुर जिले को केंद्रीय नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में पिछले वर्ष देश भर में दूसरा स्थान दिया गया था वहीं प्रशासनिक लापरवाही का इस वर्ष ये आलम है की संभागीय मुख्यालय के एसडीएम सह तहसील कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की आंखों के सामने पिछले सप्ताह भर से कचरे का ढेर लगा हुआ है। हालात यह है की एसडीएम कार्यालय के ठीक बगल में रखे हुए डस्टबीन के ओवरलोड होने के बाद इसके आसपास कचरे का ढेर लगा हुआ है जिसकी सफाई के लिए ना तो जिम्मेवार नायब नाजिर ध्यान दे रहे हैं और ना ही संबंधित कार्यालय के एसडीएम और तहसीलदार उस ओर नजरे इनायत करने की जहमत उठा रहे हैं। बिलासपुर संभागीय मुख्यालय के तहसील कार्यालय में प्रतिदिन हजारों लोगों का सरकारी कामकाज से आना जाना लगा रहता है जिन्हें आते जाते एसडीएम चेंबर के बगल में लगा कचरे का यह ढेर मुंह चिढाता नजर आ रहा है। हद तो यह है की चार दिन पूर्व कमिश्नर कार्यालय की आडिट टीम भी एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण करने आई हुई थी जिसे भी इस कार्यालय की यह गंदगी तक नजर नहीं आई। जिले के प्रशासनिक मुखिया कलेक्टर संजय अग्रवाल का ध्यान इस ओर दिलाए जाने पर उन्होंने तत्काल इस अव्यवस्था को दूर कराने की बात कही। कल्लूराम न्यूज की टीम साफ-सफाई को लेकर बेहद सजग है और प्रशासनिक अमले का ध्यान इस ओर आकृष्ट करने के उद्देश्य से यह खबर लगाई गई है।
